उपन्यास >> निर्मला (उपन्यास) निर्मला (उपन्यास)प्रेमचन्द
|
364 पाठक हैं |
अद्भुत कथाशिल्पी प्रेमचंद की कृति ‘निर्मला’ दहेज प्रथा की पृष्ठभूमि में भारतीय नारी की विवशताओं का चित्रण करने वाला एक सशक्तम उपन्यास है…
सियाराम–खुश तो नहीं मालूम होते थे। कई बार अन्दर आने का इरादा किया, पर देहरी से ही लौट गये। कई मिनट तक सायबान में खड़े रहे। चलने लगे, तो आंखें पोंछ रहे थे। इधर कई दिन से अक्सा रोया करते थे।
मुंशीजी ने ऐसी ठंडी सांस ली, मानो जीवन में अब कुछ नहीं रहा और निर्मला से बोले- तुमने किया तो अपनी समझ में भले ही के लिए, पर कोई शत्रु भी मुझ पर इससे कठोर आघात न कर सकता था। जियाराम की माता होती, तो क्या वह यह संकोच करती? कदापि नहीं।
निर्मला बोली–जरा डॉक्टर साहब के यहां क्यों नहीं चले जाते? शायद वहां बैठे हों। कई लड़के रोज आते है, उनसे पूछिए, शायद कुछ पता लग जाये। फूंक-फूंककर चलने पर भी अपयश लग ही गया।
मुंशीजी ने मानो खुली हुई खिड़की से कहा–हां, जाता हूं और क्या करुंगा।
मुंशीजी बाहर आये तो देखा, डॉक्टर सिन्हा खड़े हैं। चौंककर पूछा–क्या आप देर से खड़े हैं?
डॉक्टर–जी नहीं, अभी आया हूं। आप इस वक्त कहां जा रहे हैं? साढ़े बारह हो गये हैं।
मुंशीजी–आप ही की तरफ आ रहा था। जियाराम अभी तक घूमकर नहीं आया। आपकी तरफ तो नहीं गया था?
डॉक्टर सिन्हा ने मुंशीजी के दोनों हाथ पकड़ लिए और इतना कह पाये थे, ‘भाई साहब, अब धैर्य से काम..’ कि मुंशीजी गोली खाये हुए मनुष्य की भांति जमीन पर गिर पड़े।
|