लोगों की राय

नाटक-एकाँकी >> होरी (नाटक)

होरी (नाटक)

प्रेमचन्द

प्रकाशक : भारतीय साहित्य संग्रह प्रकाशित वर्ष : 2014
पृष्ठ :158
मुखपृष्ठ : ई-पुस्तक
पुस्तक क्रमांक : 8476

Like this Hindi book 4 पाठकों को प्रिय

29 पाठक हैं

‘होरी’ नाटक नहीं है प्रेमचंद जी के प्रसिद्ध उपन्यास गोदान का नाट्यरूपान्तर है


पटेश्वरी— जीने को अभी क्या है होरी, ऐसे हिम्मत क्यों हारते हो। अच्छा मैं जाता हूँ।

[जाता है। इसी समय कुत्तों के भूँकने की आवाज आती है। सभी उधर देखने लगते हैं। सहसा रूपा, सोना उधर बढ़ती हैं। रूपा चीखती हुई भागती है।]

रूपा— भैया आये, भैया आये (भागती है)

सोना— भैया (दो कदम बढ़ कर रुक जाती है)

धनिया— (विह्वल) गोबर !

[झुनिया घूँघट उठा कर देखती है और द्वार पर खड़ी हो जाती है। गोबर आता है। नया रूप, नया रंग, शहरी कपड़े। आकर माँ-बाप के चरण छूता है।]

गोबर— अम्माँ...

धनिया— गोबर बेटा, बेटा, (कंठ बँध जाता है) जुग-जुग जियो। खुश रहो।

[कई क्षण छाती से लगाये रहती है। फिर गोबर रूपा को गोद में उठाकर प्यार करता है। सोना को थपथपाता है। होरी मुँह फेरे लेटा है।]

गोबर— अम्माँ, दादा को क्या हुआ?

धनिया— कुछ नहीं बेटा, जरा सिर में दर्द है। चलो कपड़े उतारो। कहाँ थे तुम, इतने दिन राह देखते-देखते आँखें फूट गयीं।

गोबर— (शर्मा कर) कहीं दूर नहीं गया था अम्माँ। यहीं लखनऊ में तो था।

धनिया— और इतने नियरे रह कर भी कभी एक चिट्ठी न लिखी।

[इसी बीच में सोना, रूपा सामान खोल कर फैलाती हैं। धनिया भी उधर बढ़ती है। बालक झुनिया की गोद में लपकना चाहता है पर वह उतरने नहीं देती।]

सोना— भैया तुम्हारे लिए एक कंघी लाये भाभी।

...Prev | Next...

<< पिछला पृष्ठ प्रथम पृष्ठ अगला पृष्ठ >>

अन्य पुस्तकें

लोगों की राय

No reviews for this book