लोगों की राय

कहानी संग्रह >> सिंहासन बत्तीसी

सिंहासन बत्तीसी

वर रुचि

प्रकाशक : भारतीय साहित्य संग्रह प्रकाशित वर्ष : 2016
पृष्ठ :101
मुखपृष्ठ : ईपुस्तक
पुस्तक क्रमांक : 9721

Like this Hindi book 7 पाठकों को प्रिय

137 पाठक हैं

सिंहासन बत्तीसी 32 लोक कथाओं का ऐसा संग्रह है, जिसमें विक्रमादित्य के सिंहासन में लगी हुई 32 पुतलियाँ राजा के विभिन्न गुणों का कथा के रूप में वर्णन करती हैं।

बीसवीं पुतली ज्ञानवती

एक बार कार्तिक के महीने में राजा विक्रमादित्य ने भजन-कीर्तन कराया। राजा की खबर पाकर दूर-दूर से राजा लोग आये, योगी आये। जब राजा सबको प्रसाद देने लगा तो उसने देखा कि और सब देवता तो आ गये हैं, पर चंद्रमा नहीं आये। राजा ने अपने वीरों को बुलाया और उनकी मदद से चंद्रलोक पहुंचा।

वहां जाकर चंद्रमा से कहा, “हे देव! मेरा क्या अपराध है जो आपने आने की कृपा नहीं की? आपके बिना काम अधूरा रहेगा।”

चंद्रमा ने हंसकर कहा, “तुम अपने जी में उदास न हो। मेरे जाने से संसार में अंधेरा हो जाएगा। इसलिये मेरा जाना ठीक नहीं। तुम जाओ और अपना काम पूरा करो।”

इतना कहकर चंद्रमा ने उन्हें अमृत देकर विदा किया। रास्ते में राजा देखते क्या हैं कि यम के दूत एक ब्राह्मण के प्राण लेने के लिये जा रहे हैं। राजा ने उन्हें रोका, पूछने पर मालूम हुआ कि उज्जैन नगरी के एक ब्राह्मण को लेने जा रहे थे।

राजा ने कहा, “पहले उस ब्राह्मण को हमें दिखा दो, तब ले जाना।”

वे सब उज्जैन आये। राजा ने देखा कि वह तो उसी का पुरोहित है। राजा ने यम के दूतों को बातों में लगाकर मुर्दे के मुंह में अमृत डाल दिया। वह जी उठा। यम के दूत निराश होकर चले गये।

पुतली बोली, “हे राजा! तुम इतना पुरुषार्थ कर सको तो सिंहासन पर बैठो।”

राजा फिर मन मारकर रह गया, पर सिंहासन पर बैठने की उसकी इच्छा ज्यों-की-त्यों बनी रही। अगले दिन जब वह उस पर बैठने को हुआ तो इक्कीसवीं पुतली रोककर अपनी बात सुनाने लगी।

...Prev | Next...

<< पिछला पृष्ठ प्रथम पृष्ठ अगला पृष्ठ >>

लोगों की राय

No reviews for this book